उत्तराखंडराष्ट्रीय

संघ के संस्थापक डॉ. हेडगेवार पर डाक टिकट जारी

भारतीय डाक विभाग नागपुर ने डॉ. हेडगेवार निवास पर आधारित विशेष आवरण, सूचनापुस्तिका एवं स्थायी सचित्र डाक मुहर का किया लोकार्पण

देहरादून/नागपुर, 31 जुलाई । भारतीय डाक विभाग, नागपुर द्वारा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के संस्थापक डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार के ऐतिहासिक निवास “डॉ. हेडगेवार निवास, नागपुर” पर आधारित विशेष आवरण (Special Cover), सूचनापुस्तिका (Brochure) तथा स्थायी सचित्र डाक मुहर (Permanent Pictorial Cancellation) का लोकार्पण समारोह आयोजित किया गया।

इस अवसर पर अपने संबोधन में सरसंघचालक डॉ. मोहनजी भागवत ने कहा कि डॉ. हेडगेवार और संघ एक-दूसरे से अभिन्न हैं। उनके जीवन में संघ कार्य और राष्ट्रकार्य के अतिरिक्त कोई दूसरा विषय नहीं था। इसी ऐतिहासिक भवन की ऊपरी मंजिल पर स्थित उनकी कोठरी में विजयादशमी के दिन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना हुई थी। उस समय संघ छोटा था, किंतु आज उसका कार्य देश-विदेश तक व्यापक रूप से पहुँचा है

उन्होंने कहा कि संघ के कार्य का विस्तार हुआ है और देश-विदेश में उसके प्रति उत्सुकता निरंतर बढ़ रही है। केवल जिज्ञासा ही नहीं, बल्कि मनुष्य निर्माण की संघ की कार्यपद्धति आज विकास के पथ पर अग्रसर अनेक देशों की आवश्यकता बनती जा रही है। व्यक्ति निर्माण की यह परिणामकारक पद्धति समाजों के लिए उपयोगी सिद्ध हो रही है।

डॉ. भागवत ने कहा कि यह संघ के लिए गौरव का नहीं, बल्कि दायित्व और उत्तरदायित्व के बढ़ने का विषय है। संघ का कार्य राष्ट्रसेवा का कार्य है और संघ ने कभी प्रचार या प्रसिद्धि की अपेक्षा नहीं की। किंतु आज जब समाज और विश्व इसके प्रत्यक्ष परिणामों को देख रहा है, तब अनेक सज्जन लोग इसके विस्तार में सहयोग की भावना से आगे आ रहे हैं।

उन्होंने भारतीय डाक विभाग का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विशेष आवरण, सूचनापुस्तिका एवं स्थायी सचित्र डाक मुहर जारी कर विभाग ने मनुष्य निर्माण के इस कार्य के प्रति अपनी सद्भावना व्यक्त की है। इससे संघ के कार्य और उसके उद्देश्य की जानकारी अधिकाधिक लोगों तक पहुँचेगी तथा समाज में इस कार्य को नई गति मिलेगी।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि राष्ट्र की अपेक्षाओं के अनुरूप चरित्रवान, सक्षम और सेवाभावी नागरिकों का निर्माण इस कार्य के माध्यम से और अधिक गति से होगा तथा समाज का सहयोग इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

कार्यक्रम में प्रांत सह संघचालक श्रीधरजी गाडगे, महानगर संघचालक राजेशजी लोया, डॉ. सुधीरजी जाखेरे, डाक सेवाएँ, नागपुर क्षेत्र के निदेशक, रामचंद्र जायभाये, मुख्य पोस्टमास्टर जनरल, महाराष्ट्र एवं गोवा परिमंडल, डाक विभाग नागपुर के अधिकारी एवं कर्मचारी तथा डॉ. हेडगेवार स्मारक समिति, नागपुर के सदस्य उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button