
सुरक्षा इंतजामों पर उठे सवाल, 900 मीटर अंदर टनल की कंक्रीट (शॉटक्रीट) लाइनिंग का एक ब्लॉक टूटकर गिरा
देहरादून।
उत्तरकाशी के सिल्क्यारा टनल में एक बड़ा हादसा होने से एक मजदूर की मौत हो गई है।
सिल्क्यारा टनल में बुधवार रात्रि लगभग दो बजे एक दुर्घटना हुई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बड़कोट साइड से लगभग 900 मीटर अंदर टनल की कंक्रीट (शॉटक्रीट) लाइनिंग का एक ब्लॉक टूटकर गिर गया, जिसकी चपेट में आने से झारखंड निवासी 21 वर्षीय एक श्रमिक की मृत्यु हो गई।NHIDCL द्वारा घटना की विस्तृत जांच एवं तथ्यात्मक रिपोर्ट तैयार की जा रही है। दुर्घटना के कारणों एवं अन्य तथ्यों की आधिकारिक पुष्टि जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद ही की जाएगी।
सिलक्यारा–पौलगांव सुरंग निर्माण परियोजना में कार्यरत कार्यदायी संस्था की कथित लापरवाही एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। देर रात सुरंग के भीतर कार्य के दौरान एक 22 वर्षीय नरेश गंजु निवासी झारखंड मजदूर की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद परियोजना में कार्यरत मजदूरों में भारी आक्रोश फैल गया। उनका आरोप है कि सुरंग में सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जा रही है और पर्याप्त सुरक्षा उपकरण व इंतजाम उपलब्ध नहीं कराए गए हैं, जिसके कारण यह हादसा हुआ।
प्रत्यक्षदर्शी मजदूरों के अनुसार हादसा देर रात सुरंग के अंदर कार्य के दौरान हुआ। साथी मजदूरों ने तुरंत घायल युवक को सुरंग से बाहर निकालकर उपचार के लिए बड़कोट अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए नौगाँव अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा हादसे की जानकारी जुटाई। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।
घटना के बाद मजदूरों में भारी नाराजगी देखने को मिली। उनका कहना है कि सुरंग में कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का गंभीरता से पालन नहीं किया जाता। कई बार सुरक्षा संबंधी कमियों की जानकारी देने के बावजूद कार्यदायी संस्था ने आवश्यक कदम नहीं उठाए, जिसके चलते एक युवा मजदूर की जान चली गई। मजदूरों ने हादसे की निष्पक्ष जांच, मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। वहीं प्रशासन ने भी घटना की विस्तृत रिपोर्ट तलब करते हुए सभी पहलुओं की जांच कराने की बात कही है। हादसे के बाद परियोजना क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।




