
– मुख्यमंत्री धामी ने बद्रीनाथ में चढ़ावा चोरी प्रकरण पर दिया बड़ा बयान
एंकर – मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज हरिद्वार में प्रेमनगर आश्रम में प्रसिद्ध कथावाचक मोरारी बापू की श्रीराम कथा के समापन समारोह में हिस्सा लिया। मुख्यमंत्री ने श्रीराम के आदर्शों और सनातन संस्कृति का महत्व रेखांकित करते हुए उत्तराखंड को ‘विश्व की आध्यात्मिक राजधानी’ बनाने के संकल्प को दोहराया। उन्होंने चारधाम, हेमकुंड-साहिब व कैलाश मानसरोवर यात्राओं में रिकार्ड श्रद्धालु संख्या का जिक्र करते हुए कुंभ-2027 को दिव्य, भव्य और सुरक्षित बनाने का भरोसा दिलाया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज जब विश्व युद्ध, हिंसा और आतंकवाद जैसी चुनौतियों का सामना कर रहा है, तब भारत की सनातन संस्कृति का “वसुधैव कुटुम्बकम्” का संदेश पूरी मानवता के लिए मार्गदर्शक है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत सांस्कृतिक पुनर्जागरण का साक्षी बन रहा है और उत्तराखंड सरकार देवभूमि को विश्व की आध्यात्मिक राजधानी के रूप में स्थापित करने के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। इसी उद्देश्य से केदारखंड-मानसखंड मंदिर माला मिशन, हरिद्वार-ऋषिकेश कॉरिडोर, शारदा कॉरिडोर तथा प्राचीन मंदिरों के संरक्षण एवं सौंदर्यीकरण की योजनाओं को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में धार्मिक पर्यटन और आध्यात्मिक यात्राओं ने इस वर्ष नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। उन्होंने बताया कि चारधाम यात्रा में पिछले सभी रिकॉर्ड टूट रहे हैं और दो माह के भीतर ही 45 लाख से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। इसी प्रकार हेमकुंड साहिब यात्रा में डेढ़ लाख से अधिक श्रद्धालु मत्था टेक चुके हैं, जबकि कैलाश मानसरोवर यात्रा में 55000 से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं, जहाँ पहले पूरे वर्ष में सीमित संख्या में ही यात्रियों को भेजा जाता था।
मंदिर में चढ़ावा चोरी के दोषी बख्शे नहीं जाएंगे —
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज हरिद्वार पहुंचे। जहां उन्होंने प्रेम नगर आश्रम में मोरारजी बापू की कथा में शिरकत की। हरिद्वार पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बद्रीनाथ धाम में कथित चढ़ावा चोरी के मामले में मीडिया से बात करते हुए कहा कि मंदिर से चढ़ावा चोरी गौ हत्या और माता पिता की हत्या जैसा पाप है। जिसे माफ नहीं किया जा सकता। मामले में पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। इसके साथ ही जांच समिति भी अपना काम कर रही है। दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।




